मुख्यमंत्री ने मानसून के दौरान ठाणे में सड़कों का जायजा लिया, राकांपा ने उठाए सवाल

मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को ठाणे जिले में मुंबई-नाशिक राजमार्ग तथा आसपास की कुछ सड़कों का जायजा लिया और अधिकारियों से यातायात के सुचारू संचालन के लिए तत्काल गड्ढे भरने तथा अन्य कदम उठाने के लिए कहा। पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है तथा कई सड़कें खस्ताहाल हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा है तथा यात्रा में अधिक समय लग रहा है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले ठाणे जिला अधिकारी के नेतृत्व में एक कार्य बल का गठन किया। इस दौरे पर निशाना साधते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रवक्ता क्लाईड क्रास्टो ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने वादा किया था कि मानसून से पहले सड़कों पर गड्ढे नहीं होंगे तथा उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था।’’ राकांपा नेता ने पूछा कि अभी तक अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गयी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के दौरे पर पूछा कि क्या इसमें देर नहीं हो गयी है। ()