दंगे में किसका हाथ है, इसकी भाजपा जांच कराए… – अजीत पवार

मुंबई, केंद्र और राज्य में आज भाजपा की सरकार है। दंगे में किसका हाथ है, इसकी भाजपा जांच कराए… ‘दूध का दूध, पानी का पानी’ लोगों के सामने आने दो… अलग-अलग राजनीतिक दलों का नाम लेने की बजाय पुलिस यह पता लगाए कि दंगे किसने शुरू किए… इसके पीछे के मास्टरमाइंड कौन हैं, उनके नाम सामने आने दो, ऐसी चुनौती प्रतिपक्ष के नेता अजीत पवार ने ‘ईडी’ सरकार को दी है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी है, उसे कड़ी सजा दी जाए। इसमें कोई ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए। लेकिन राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए, ऐसा अजीत पवार ने जोर देकर कहा। किसानों को बेमौसम बारिश से फसलों के हुए नुकसान का मुआवजा अभी तक नहीं मिला। किसानों के मुद्दे पर ‘ईडी’ सरकार असंवेदनशील है।

अभी जो चल रहा है, उसका एक ही कारण है कि महंगाई को काबू में नहीं लाया जा सकता और बेरोजगारी को कम नहीं किया जा सकता। उद्योगों को लाने के लिए जो अनुकूल माहौल बनना चाहिए था, वह नहीं हो पा रहा है। कानून व्यवस्था नियंत्रण में नहीं आ रही है। महिलाओं, बहनों के साथ अन्याय व अत्याचार हो रहा है। कोयता गैंग ने पुणे में कोहराम मचा रखा है, यह सब क्या हो रहा है… क्योंकि सरकार को मस्ती चढ़ गई है। केंद्र और राज्य में भाजपा की सत्ता है, फिर सावरकर को भारतरत्न देने के लिए किस मुहूर्त का इंतजार कर रहे हैं, ऐसा सवाल भी उन्होंने इस दौरान किया।

()