पुलिस को चेतावनी दे बोले नीतेश राणे- देवेंद्र फडणवीस हिंदू ह्रदय सम्राट, टेढ़ी नजर से देखा तो…

महाराष्ट्र : महाराष्ट्र में भाजपा विधायक नीतेश राणे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में राणे ने राज्य के पूर्व सीएम और मौजूदा डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को हिंदू हृदय सम्राट बताया है। इस बयान को उद्धव ठाकरे की शिवसेना को चुनौती के तौर पर माना जा रहा है।

दरअसल महाराष्ट्र में शिवसेना बालासाहेब ठाकरे की छवि हिंदू हृदय सम्राट की पेश करती आई है, ऐसे में भाजपा विधायक नीतेश राणे ने देवेंद्र फडणवीस को हिंदू हृदय सम्राट की उपाधि दी है। वीडियो में राणे पुलिस को भी चेतावनी देते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने हिंदुओं को टेढ़ी नजर से देखा तो फिर आंखे जगह पर नहीं रहेंगी। राणे ने कहा कि इस वक्त महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे की सरकार है, उद्धव ठाकरे की नहीं।

राणे ने कहा कि महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे नहीं हैं, आज यहां हिंदुत्ववादी सरकार है। यहां के सीएम कट्टर हिंदू एकनाथ शिंदे जी हैं और हिंदू हृदय सम्राट देवेंद्र फडणवीस उपमुख्यमंत्री हैं। बता दें कि शिवसेना में दो फाड़ होने के बाद से एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे खेमा खुद को हिंदूत्ववादी होने का दम भर रहा हैं। दोनों की तरफ से असली शिवसेना होने का दावा किया जा रहा है। वहीं शिंदे खेमे का कहना है कि बालासाहेब ठाकरे के विचारों पर सही तरीके से एकनाथ शिंदे और उनके बागी शिवसेना विधायक चल रहे हैं।

बता दें कि नीतेश राणे केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बेटे हैं। पूर्व शिवसैनिक नारायण राणे ने 2005 में शिवसेना छोड़ दी थी और उस समय कांग्रेस का दामन थाम लिया था। वे महाराष्ट्र के उद्योग और राजस्व मंत्री भी रहे। हालांकि 2017 में कांग्रेस से भी उनका मोहभंग हो गया और इसी साल उन्होंने नया राजनीतिक दल महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष बनाया लेकिन 2018 में वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। नारायण राणे की महाराष्ट्र में दमदार छवि के चलते भाजपा उन्हें कोंकण से एक मजबूत मराठा नेता के तौर पर देखती है। मोदी सरकार में वो केंद्रीय मंत्री हैं वहीं उनके बेटे नीतेश राणे महाराष्ट्र की कणकवली विधानसभा से विधायक हैं।