तापमान ३७ डिग्री सेल्सियस के पार; अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग!

मुंबई, राज्य में बेमौसम बारिश के साथ ही जाड़ा भी अब कम हो गया है। इस कारण अब गर्मी की तपिश भी बढ़ गई है। राज्य के कई जिलों में तापमान ३७ डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इसलिए मुंबई समते राज्य के विभिन्न जिलों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड रहा है। इस बीच मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी होते रहेगी। इस अनुमान को गंभीरता से लेते हुए लोगों से चिलचिलाती गर्मी से बचने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग भी इस समय अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग ने कहा है कि एक निम्न दबाव का पट्टा समुद्र तल से ९०० मीटर की ऊंचाई पर विदर्भ से मराठवाड़ा, कर्नाटक से दक्षिण तमिलनाडु तक फैली हुई है। इसके साथ ही दक्षिण ओडिशा और आसपास के इलाकों में चक्रवाती हवाएं चल रही हैं। इसलिए विदर्भ और मराठवाड़ा में दिन के दौरान बादल छाए रहेंगे। फिलहाल महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गर्मी शुरू हो चुकी है और बढ़ती गर्मी ने अभी से ही नागरिकों को परेशान कर दिया है। अनुमान जताया है कि राज्य में गर्मी का दौर जारी रहेगा। बता दें कि कुछ दिन पहले मराठवाड़ा और पूर्वी विदर्भ में बेमौसम बारिश हुई थी। अब ये बेमौसम बारिश खत्म हो गई है। हालांकि, मौसम विभाग ने कहा है कि मराठवाड़ा और पूर्वी विदर्भ में कुछ दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। ()