शिवसेना व शिंदे गुट की दशहरा रैली के चलते कई प्रमुख सड़कें रहेंगी बंद, मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

मुंबई, महाराष्ट्र की सियासत के लिए 5 अक्टूबर का दिन बेहद खास है। दरअसल बुधवार को मुंबई शहर में दो विशाल दशहरा रैलियां होंगी. एक रैली शिवसेना द्वारा दादर के शिवाजी पार्क और दूसरा एकनाथ शिंदे गुट द्वारा बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) के एमएमआरडीए मैदान में आयोजित की जाएगी। इस दौरान शहर में बड़ी संख्या में बाहरी लोगों के आने की संभावना है। जिसके मद्देनजर मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। जिसमें शिवसेना के दोनों गुटों द्वारा आयोजित दशहरा रैलियों के कारण शहर में यातायात प्रतिबंधों की जानकारी दी गई है। मुंबई की प्रमुख सड़क ईस्टर्न और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भारी ट्रैफिक की उम्मीद के चलते ट्राफिक पुलिस ने जाम से बचने के लिए बीकेसी, दादर और माहिम में यातायात प्रतिबंध लगाने की जानकारी दी है। ये पाबंदियां सुबह नौ बजे से आधी रात तक लागू रहेंगी।
BKC (बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स)
इसके तहत वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, धारावी और बांद्रा-वर्ली सीलिंक से फैमिली कोर्ट से कुर्ला की ओर आने वाले वाहनों की एंट्री बैन होगी। वहीँ, संत ज्ञानेश्वर रोड से बीकेसी इनकम टैक्स जंक्शन से कुर्ला की ओर आने वाले वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इसी तरह शासकीय कालोनी, कनकिया पैलेस और वाल्मीकि नगर से बीकेसी परिसर द्वारा चूनाभट्टी और कुर्ला की ओर आने वाले वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। सुर्वे जंक्शन और रज्जाक जंक्शन से बीकेसी परिसर द्वारा वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, धारावी और बांद्रा-वर्ली सीलिंक की ओर आने वाले वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। दक्षिण की ओर जाने वाले बीकेसी कनेक्टर का उपयोग करके बीकेसी में चूनाभट्टी के माध्यम से ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के माध्यम से आने वाले वाहनों के लिए एंट्री बंद रहेगी।