जौनपुर लोकसभा सीट; अब तक 11 बार ठाकुरों ने जीत दर्ज की

मुंबई: बांद्रा स्थित उत्तर भारतीय संघ के सभागृह में मुंबई के उत्तर भारतीयों को जमावड़ा हुआ। यहां उत्तर प्रदेश के जौनपुर लोकसभा सीट के उम्मीदवार कृपा शंकर सिंह के साथ वहां के प्रवासियों के साथ मुलाकात थी। मुलाकात के दौरान सिंह ने जौनपुर और पूर्वांचल के विकास के लिए मुंबई के उत्तर भारतीय समाज से चुनाव में साथ देने की अपील की। सिंह ने कहा कि मुंबई में रहने वाले प्रवासियों का परिवार मुलुक में रहता है, इसलिए सभी से अपील है कि इस चुनावी यज्ञ में सभी अपनी एक आहुति डालें, जिससे प्रवासियों की पीड़ा को दूर करने में मदद मिले। दो से तीन साल बाद किसी को रोजी-रोटी की तलाश में अपना गांव छोड़कर महानगरों की तरफ न जाना पड़े।
‘प्रवासियों की पीड़ा से हूं अवगत’
सिंह ने कहा कि अपने गांव से रोजी-रोटी के लिए मुंबई आए प्रवासियों की पीड़ा से अवगत हूं और उसे दूर करने का प्रयास करूंगा। गांव में रोजगार के अवसर न होने की वजह से लोगों को मुंबई जैसे महानगर में आना पड़ता है। गांव से आने-जाने के दौरान ट्रेन में प्रवासियों को जो परेशानी होती है, उससे अवगत हूं। इसे सुलझाने का प्रयास भी किया कर रहा हूं। मैं खुद जन्मभूमि से कर्मभूमि के लिए रोजी-रोटी के लिए आया था। कर्मभूमि में रोजी-रोटी कमाने के साथ राजनीति में सेवा का अवसर मिला, जिससे कर्मभूमि के प्रति अपना कर्तव्य निभाया। मैं अब अपनी जन्मभूमि का ऋण उतारना चाहता हूं। सिंह ने कहा कि मेरे मन में जौनपुर के विकास को लेकर कई योजनाएं हैं। जौनपुर की जनता का आशीर्वाद प्राप्त करके वहां के विकास के लिए कार्य करूंगा। साथ ही, जौनपुर के साथ आस-पास के जिले की मशहूर चीजों की ब्रैंडिंग के लिए प्रोत्साहित करूंगा।
उत्तर भारतीयों ने जाहिर की खुशी
उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि कृपाशंकर सिंह संस्था के सदस्य हैं। उन्हें जौनपुर की लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इस उपलक्ष्य में संस्था की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुंबई में बड़ी संख्या में रह रहे प्रवासियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में आए प्रवासियों ने कहा कि कृपाशंकर सिंह से पहले मुंबई से जाकर कई लोग लोकसभा और विधानसभा का चुनाव जीते, लेकिन यह पहली बार है कि मुंबई से जाकर अपने मुलुक में लोकसभा चुनाव लड़ने पर प्रवासियों में उत्साह है। इस अवसर पर विधायक राजहंस सिंह, पूर्व सांसद हरिवंश सिंह, समाजसेवी शारदा प्रताप सिंह, मुंबई बीजेपी के नेता उदय प्रताप सिंह, संजय सिंह, राधेश्याम तिवारी, अपना पूर्वांचल महासभा के राष्ट्रीय महासचिव अजय शुक्ल, डॉ. शिवशंकर तिवारी, संतोष दुबे, राजेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।