मुंबई में बादलों की धूप-छांव के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ तपिश बढ़ेगी

मुंबई, पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में फिर एक बार मौसम ने करवट बदली है। मुंबई में बादलों की धूप-छांव के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ तपिश बढ़ेगी और आगामी रविवार से तापमान में वृद्धि होगी। राज्य में भी तापमान में वृद्धि होगी। यह पूर्वानुमान मौसम विभाग की ओर से व्यक्त किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आज मुंबई, ठाणे और पालघर में हल्की बारिश की संभावना है। इसी तरह रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में भी बादल की धूप-छांव रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार कल मुंबई के कुलाबा में अधिकतम तापमान ३० और सांताक्रुज में ३३.३ डिग्री सेल्सियस रहा। ठाणे-बेलापुर इंडस्ट्रीयल एरिया में ३५ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अलीबाग में ३५, डहाणू में ३६.२, माथेरान में ३४.८, नासिक में ३६.२, पुणे में ३४.८ और जलगांव में ३९.६ डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। ‌राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान मालेगांव में ४२.४ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार कल राज्य के परभणी, हिंगोली, नांदेड़, वाशिम, अकोला, अमरावती, गोंदिया नागपुर, भंडारा, वर्धा, यवतमाल, बुलढाणा, जालना, छत्रपति संभाजीनगर, जलगांव, धुले, बीड, नगर और नासिक के कुछ स्थानों पर गरज और चमक के साथ छींटे पड़े और ३०- ४० किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलीं। इससे इन इलाकों में गर्मी से राहत रही और मौसम खुशनुमा रहा। राज्य में बारिश होने की वजह से प्रचंड गर्मी से लोगों को सुकून मिला। अगले पांच दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहने की आशंका है।

  ()