दिव्यांग महिला के साथ हैवानियत, पांच लोगों ने मिलकर किया सामूहिक दुष्कर्म

मुंबई, महाराष्ट्र के जालना जिले में एक दिव्यांग महिला के साथ पांच लोगों की दरिंदगी की खबर सामने आई है। पीड़ित महिला की शिकायत के बाद तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि, दो लोग अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
जानकारी के अनुसार, जालना जिले में बदनापुर तहसील अंतर्गत दाभड़ी गांव में शारीरिक रुप से असक्षम महिला के साथ पांच लोगों ने दरिंदगी की घटना को अंजाम दिया। गांव में पांच लोगों ने दिव्यांग महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
शनिवार को घटना की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिव्यांग महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित पांच लोगों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि दो अन्य की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि महिला के साथ कुकर्म की वारदात पिछले महीने की 28 अगस्त को हुई थी। घटना का खुलासा इस सप्ताह की शुरुआत में हुआ है। अधिकारी ने बताया कि दिव्यांग पीड़िता के परिवार के सदस्यों को बुधवार को जानकारी मिली जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।