मुंबई में मास्क की सख्ती नहीं…बीएमसी को सरकार और टॉस्क फोर्स के निर्देश का इंतजार

मुंबई : कोरोना संकट का सबसे ज्यादा सामना करने वाली मुंबई में त्योहारों के साथ ही केस बढ़ने लगे हैं। मुंबई में पिछले कुछ दिनों से लगातार हजार से बारह सौ तक केस मिल रहे हैं। लेकिन बीएमसी अभी मुंबई में फेस मास्क अनिवार्य नहीं करेगी। बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि मुंबई में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क अनिवार्य करने की अभी कोई तैयारी है।

हम राज्य सरकार और टॉस्क फोर्स की गाइडलाइन का इंतजार करेंगे। वहां से जो निर्देश आएगा उसी के हिसाब से मुंबई में कोरोना के बारे में निर्णय लिया जाएगा। हालांकि संजीव कुमार ने कहा कि कोरोना के बढ़ते केस पर बीएमसी बारीक नजर रख रही है। हमें आशंका थी कि त्योहार के दौरान केस बढ़ सकते हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि बिना लक्षण वाले केस ज्यादा हैं। कुछ ही लोगों को हॉस्पिटल में एडमिट कराने की आवश्यकता पड़ रही है। ज्यादातर लोग घर में ही रह कर ठीक हो रहे हैं।

दिल्ली में कोरोना केस बढ़ने पर सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्कवालों से जुर्माना वसूलना दोबारा शुरू हो गया है। वहीं डीजीसीए ने पिछले दिनों गाइडलाइंस जारी करते हुए फ्लाइट में सफर के दौरान मास्क अनिवार्य कर दिया। क्या ऐसा मुंबई में भी होगा। इस सवाल के जवाब में सजीव कुमार ने कहा कि फ्लाइट में यह नियम पहले से लागू है। मुंबई में जब तक मास्क के संबंध में कोई नई गाइडलाइन नहीं आती तब तक बीएमसी कोई निर्णय नहीं लेगी। मुंबई में मार्च 2020 में कोरोना का पहला मामला सामने आया था। उसके बाद 20 अप्रैल से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया था। बिना मास्कवालों से बीएमसी 200 रुपये जुर्माने वसूलती थी।

कोरोना पर काबू और मास्क लगाने से छूट मिलने के बाद मुंबई की सड़कों से क्लीनअप मार्शल गायब हो गए थे। लेकिन सितंबर से दोबारा क्लीनअप मार्शल सड़कों पर दिखाई देंगे।  पिछले दिनों बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त पी वेलरासू ने मुहर लगा दी। वेलरासू ने पिछले दिनों कहा कि मुंबई के सभी 24 वार्ड में 30- 40 क्लीनअप मार्शल तैनात किए जाएंगे। इसके लिए प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

बीएमसी ने 1 अप्रैल 2022 से मुंबई में बिना मास्क के घूमने की छूट दे दी है। बीएमसी ने कहा था कि एक अप्रैल से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने पर कोई जुर्माना नहीं लगेगा। हालांकि, बीएमसी ने लोगों से स्वैच्छिक रूप से मास्क पहनने की अपील की है क्योंकि कोरोना महामारी अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।

बीएमसी ने मुंबई में कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने के लिए 20 अप्रैल 2020 से मास्क लगाना अनिवार्य किया गया था। उसके बाद से 31 मार्च 2022 तक मास्क लगाना अनिवार्य था। मुंबई में 2 साल के भीतर बिना मास्क वालों के खिलाफ कार्रवाई में बीएमसी को 91 करोड़ 91 लाख 79 हजार 75 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। जबकि इस दौरान 46 लाख 21 हजार 725 बिना मास्क वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कोरोना रोकने के लिए मुंबई में बीएमसी, पुलिस और रेलवे ने कार्रवाई की थी।

बीएमसी ने 36 लाख 82 हजार 13 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 73 करोड़ 12 लाख 36 हजार 675 रुपये का जुर्माना वसूला था। मुंबई पुलिस ने 9 लाख 15 हजार 821 बिना मास्क वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 करोड़ 31 लाख 64 हजार 200 रुपये दंड वसूला था। वहीं सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर लाइन पर रेलवे ने 23891 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 47 लाख 78 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला था।