दादर टीटी में मुंबई महानगरपालिका बनाएगी दो भूमिगत टंकी…

मुंबई : मुंबई के दादर टीटी इलाके में बारिश का पानी भरने की समस्या का हल निकालने के लिए मुंबई महानगरपालिका ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस क्षेत्र में जलजमाव न हो इसके लिए दो भूमिगत टंकियां बनाई जाएंगी। इन टंकियों से पानी पंप करके समुद्र में छोड़ा जाएगा। हिंदमाता और किंग्सर्कल में बनाई गई भूमिगत टंकियों का प्रयोग सफल रहा है। इस बार भारी बारिश के बावजूद इन इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति निर्माण नहीं हुई। भूमिगत टंकी के चलते इस बार सांताक्रुज मिलन सबवे भी जलजमाव मुक्त रहा। इस योजना के सफल प्रयोग के बाद अब मनपा ने दादर टीटी में भी एक बड़ी टंकी बनाए की योजना पर काम शुरू किया है। इससे अगले बारिश में दादर टीटी जंक्शन पर लोगों को जलजमाव नहीं दिखेगा। इसी के साथ हिंदमाता में एक और भूमिगत टंकी प्रमोद महाजन मैदान में बनाई जाएगी। जिससे हिंदमाता परिसर में बरसाती पानी को पूरी तरह से ठिकाने लगाया जा सकेगा। अगले वर्ष दादर टीटी, किंगसर्कल, सायन और हिंदमाता के हाइवे पर जलजमाव नहीं होगा। ट्रैफिक समस्या से भी मुक्ति मिलेगी। मनपा के अतिरिक्त आयुक्त पी. वेलरासु के अनुसार हिंदमाता जंक्शन और किंग सर्कल गांधी मार्किट इस बार भारी बारिश में भी जलजमाव से मुक्त रहा। इन दोनो ठिकानों पर भूमिगत टंकी बनाकर पैम्पिंग स्टेशन से पानी समुद्र में फेंका जाता है। इसी तर्ज पर दादर टीटी में भी भूमिगत टंकी बनाने की योजना है। यह विशाल भूमिगत टंकी के लिए सर्वेक्षण व रिपोर्ट पर काम किया जा रहा है। बारिश बाद इस पर काम तेज होगा।