मुंबई क्राइम ब्रांच ने भोपाल के सोना कारोबारी को पकड़ा:तीन आरक्षकों सहित पांच लोगों पर एक्टार्शन व बंधक बनाने का केस दर्ज करा चुका है

मुंबई : भोपाल के कोलार इलाके में स्थित मां पार्वती नगर में रहने वाले सोना व मसाला कारोबारी गौरव जैन को मुंबई क्राइम ब्रांच ने हिरासत में लिया है। उसे शनिवार-रविवार की दरमियानी रात क्राइम ब्रांच ने हिरासत में ले लिया था। रविवार अल सुबह पुलिस उसे मुंबई के लिए लेकर रवाना हुई है। उस पर मुंबई के कारोबारी को नकली सोना बेचने सहित, लूट, अपहरण व डकैती जैसे आरोप हैं। गौरव भोपाल के तीन आरक्षकों सहित पांच पर बंधक बनाकर जबरन साढ़े पांच लाख रुपए की वसूली का केस दर्ज करा चुका है।
गौरव ने आरक्षकों पर दर्ज कराई थी एफआईआर
मां पार्वती नगर कोलार निवासी 38 वर्षीय गौरव जैन, ज्वैलरी व मसाला के व्यापारी है। बीती 14 फरवरी को कोलार थाने के आरक्षक देवेंद्र श्रीवास्तव व रोहित शर्मा ने अपने दो अन्य साथियों के साथ गौरव को पिस्टल की नोंक पर बंधक बनाकर साढ़े पांच लाख रुपये की वसूली की थी। गौरव जैन ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत गृह मंत्री, डीजीपी और पुलिस आयुक्त से की थी। मामला सामने आने के बाद आरक्षक देवेंद्र व रोहित समेत पांच लोगों के खिलाफ 342, 419, 170, 384, 323, 506 की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। साथ ही दोनों को निलंबित कर दिया था। दोनों आरक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर तात्कालीन थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल को लाइन अटैच कर दिया था।
एक दिन पहले कराया गिरफ्तार
गौरव की शिकायत पर कोलार थाने में दर्ज एफआईर में फरार आरोपी कमला नगर थाने में पदस्थ रहे सिपाही पवन तोमर को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पवन उस समय पकड़ा गया जब वह अर्जुन नगर के पास गौरव से समझौते की बात करने आया था। तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस मामले में कोलार थाने में पदस्थ सिपाही देवेंद्र श्रीवास्तव और रोहित शर्मा 14 फरवरी से फरार हैं। हाईकोर्ट उनकी अग्रिम जमानत की अर्जी भी खारिज कर चुका है। देवेंद्र और रोहित पर पांच-पांच हजार रुपए इनाम घोषित है। ()