आदर्श नगर में लाखों की चोरी का मास्टर माइंड मुंबई से गिरफ्तार, डकैती भी कर चुका

मुंबई, पद्मनाभपुर थाना अंतर्गत आदर्श नगर में पंकज राठी के सूने मकान में हुई 50 लाख की चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले का मास्टर माइंड मुंबई का महिंद्र सिंह उर्फ गौरी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान हुई। राठी के घर के आसपास लगे कैमरों में उसे पहचान लिया गया था। इसके बाद से पुलिस आरोपी को तलाश कर रही थी। पुलिस ने बताया कि महिंद्र ने पिछले 6 महीने में हुई बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। वर्ष 2015 में चरोदा स्थित यूनियन बैंक में उसने डकैती की थी। बाद में वह पकड़ा गया था। छूटने के बाद उसने पुन: चोरी करना शुरू कर दिया।
महिंद्र के अलावा 3 अन्य को मुंबई से हिरासत में ले लिया गया है। प्राथमिक पूछताछ में 3 करोड़ की 6 से अधिक चोरियों की घटना आरोपी ने स्वीकारी है। आदर्श नगर निवासी राठी के घर से 2 किलो सोना, 15 किलो चांदी और 10 लाख कैश चोरी गए थे। इसके बाद एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव के निर्देश पर सीएसपी वैभव बैंकर, टीआई संतोष मिश्रा, राजीव तिवारी, एएसआई समित मिश्रा, पूर्ण बहादुर, संतोष मिश्रा, जुगनू, अनूप, शाहबाज, प्रदीप, धीरेंद्र और फारुख को जांच मेंं लगाया गया है। आरोपी की लोकेशन पुख्ता होने के बाद टीम मुंबई पहुंची। जहां आरोपी गिरफ्तार किए घए।
7 साल पहले दिन दहाड़े बैंक में डाली थी डकैती
पुलिस के मुताबिक 25 दिसंबर 2015 को दिन दहाड़े चरोदा स्थित यूनियन बैंक में महिंद्र ने साथी रविंद्र, कृपाल, मो.नवाज, पंकज और राजेश ने डकैती की थी। आरोपी दो पिस्टल लेकर घुसे। लंच टाइम होने की वजह से बैंक में सिर्फ एक महिला और बैंककर्मी मौजूद थे। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर सभी को स्ट्रांग रुम में बंद कर दिया। इसके बाद 11 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। तत्कालीन टीआई नरेश पटेल की टीम ने गिरोह को संतराबाड़ी से पकड़ा था। ()