महाराष्ट्र रोडवेज ने कर्नाटक जाने वाली बसें बंद कीं, सीमा विवाद को लेकर पुलिस अलर्ट जारी

मुंबई, कर्नाटक व महाराष्ट्र के बीच सीमा विवाद गहरा रहा है। इसे लेकर पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए महाराष्ट्र सड़क परिवहन निगम ने कर्नाटक के लिए बसों का संचालन रोक दिया है। कर्नाटक में बसों पर हमले के खतरे की आशंका के कारण बुधवार को पुलिस ने अलर्ट जारी किया। इसके बाद एमएसआरटीसी ने कर्नाटक जाने वाली अपनी बसों का संचालन स्थगित करने का फैसला किया। सीमा विवाद को लेकर बुधवार को कर्नाटक के बेलगावी में उग्र प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान महाराष्ट्र की बसों व ट्रकों पर पथराव की घटना सामने आई थी।