बुजुर्ग डॉक्टर से धोखाधड़ी कर अस्पताल पर कर लिया कब्जा, चार पर केस

ठाणे, महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 79 साल के एक डॉक्टर के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चार लोगों ने बुजुर्ग डॉक्टर से धोखा करते हुए उनके अस्पताल पर कब्जा कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
डॉक्टर ने शुक्रवार को ठाणे के कालवा पुलिस थाने से इस मामले में शिकायत की थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात करने पर भादंवि की धारा 406, धोखाधड़ी के आरोप में धारा 420 व अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता डॉक्टर ने चिकित्सा अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त वर्ष 2002 में कालवा में अस्पताल बनाया था। यह मार्च 2022 तक चलता रहा, इसके बाद उन्होंने इसे किराए पर देने का फैसला किया। इसे लेकर उनसे एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव ने संपर्क किया, जो उनके अस्पताल पर आया करता था। उसने डॉक्टर को झांसा दिया कि वे अच्छा पैसा कमा सकते हैं, यदि वे अस्पताल परिसर में एक दवा दुकान डाल दें। इसके साथ ही उसने अस्पताल चलाने का प्रस्ताव दिया।
दोनों पक्ष अनुबंध करते इसके पूर्व ही उक्त एमआर ने तीन अन्य आरोपियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए अस्पताल पर कब्जा कर लिया और अवैध ढंग से उसका संचालन शुरू कर दिया। आरोपियों ने पूर्व में किए गए वादे के अनुसार 13.50 लाख रुपये भी अदा नहीं किए। आरोपियों ने नगर परिषद और सरकार के टैक्स भी अदा नहीं किए। पुलिस ने बताया कि मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। जांच जारी है।