तीन घंटे इंतजार के बाद कार्यक्रम छोड़ चलते बने अजित पवार…

मुंबई : मंत्रालय में एक कार्यक्रम में पहुंचे विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार लंबे इंतजार के बाद कार्यक्रम छोड़कर चले गए। दरअसल बुधवार सुबह 11 बजे मंत्रालय में फीका प्रतीक चिन्ह के अनावरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस , विपक्ष के नेता अजीत पवार सहित तमाम मंत्रियों को आमंत्रित किया गया था। इसी दौरान कैबिनेट की बैठक भी थी। अजित पवार तय समय पर कार्यक्रम में पहुंच गए।

तीन घंटे बीत जाने के बाद भी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नहीं आए, और आयोजकों ने कार्यक्रम शुरू नहीं किया। तीन घंटे के इंतजार के बाद आखिरकार अजित पवार नाराज होकर चले गए। इसके बाद कार्यक्रम शुरू होने के बाद वन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार को बताया गया कि अजित पवार नाराज होकर चले गए। इस पर उन्होंने सवाल किया कि आखिर अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है? मुनगंटीवार ने कहा कि कैबिनेट की बैठक चल रही थी, जिसमें कई सारे विषयों पर चर्चा हो रही थी, इसलिए समय लग गया। यह बात उन्हें समझना चाहिए।