मैट्रिमोनियल साइट पर महिला को फंसाया, होटल में बुलाकर कई बार लूटी आबरू; शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस
ठाणे। मुम्बई के ठाणे से रविवार को हैरान करने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, पुलिस ने बताया कि नवी मुंबई की एक 33 वर्षीय महिला के साथ एक शख्स ने बार-बार दुष्कर्म किया। इस शख्स से पीड़ित महिला की मुलाकात एक वैवाहिक साइट पर हुई थी।
एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने दिसंबर 2020 से मार्च 2023 के बीच नवी मुंबई, मुंबई और सिंगापुर के लॉज और होटलों में आरोपी ने कई बार उसके साथ बलात्कार किया है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने सिंगापुर में रहने वाले आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(N) (एक ही महिला से बार-बार बलात्कार) के तहत अपराध दर्ज किया है।
अधिकारी ने कहा कि महिला की आरोपी से पहचान एक वैवाहिक साइट पर हुई और उसने उससे शादी करने का वादा करके अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ बार-बार बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर महिला की तस्वीरें भी खींचीं और आपत्तिजनक वीडियो भी शूट किया। अधिकारी ने बताया कि मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और आगे की जांच जारी है।