विवेक फणसलकर मुंबई के नए सीपी…

मुंबई: विवेक फणसलकर को मुंबई का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। बुधवार रात महाराष्ट्र सरकार ने इस संबंध में आदेश निकाला। वह गुरुवार को कार्यभार संभालेंगे। अब तक वह डीजी, हाउसिंग की पोस्ट पर थे। सरकार ने संजय पांडेय को सेवा विस्तार नहीं दिया है। वह गुरुवार को रिटायर होंगे। फणसलकर ने मुंबई में ट्रैफिक के जॉइंट कमिश्नर के तौर पर लंबे समय तक कार्य किया है। वह मुंबई पुलिस में जॉइंट सीपी, एडमिन भी रहे हैं। वह महाराष्ट्र एटीएस चीफ और ठाणे के पुलिस कमिश्नर भी रह चुके हैं। मुंबई सीपी बनने के बाद उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम के बीच शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की होगी। विवेक फणसलकर गुरुवार को कार्यभार संभालेंगे। गुरुवार को ही संजय पांडेय रिटायर होंगे।

फणसलकर ने मुंबई में ट्रैफिक के जॉइंट कमिश्नर के तौर पर लंबे समय तक कार्य किया है। वह मुंबई पुलिस में जॉइंट सीपी, एडमिन भी रहे हैं। वह महाराष्ट्र एटीएस चीफ और ठाणे के पुलिस कमिश्नर भी रह चुके हैं। इन दिनों वह डीजी, हाउसिंग के पर कार्यरत थे। वह ऐंटि करप्शन ब्यूरो में अडिशनल डीजी भी रहे हैं। वह कई साल तक प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली में भी रहे। वह नागपुर और ठाणे में अडिशनल सीपी भी रहे। कई साल पहले वह वर्धा में एसपी भी थे।
एटीएस चीफ के तौर पर उन्होंने आतंकवादी संगठन आईएसआईएस की मुंबई और महाराष्ट्र में गतिविधियों को कंट्रोल किया था। आईएसआईएस का मालवणी माड्यूल कुछ साल पहले बहुत चर्चित हुआ था। फणसलकर ने उस दौर में इस माड्यूल से जुड़े कुछ लोगों को मुंबई, ठाणे और यूपी से गिरफ्तार किया था।
वह कम बोलने वाले अधिकारियों में जाने जाते हैं, इसलिए उनसे जुड़े विवाद शायद ही कभी मीडिया में आए। उन्होंने कभी भी कुछ खास अधिकारियों को अपना कोई ग्रुप नहीं बनाया। जो अधिकारी बदनाम रहे या जिनकी वजह से फणसलकर को खुद अपने दामन पर दाग लगने की आशंका रहती थी, वह ऐसे अधिकारियों को अपने से दूर रखने में ज्यादा यकीन रखते हैं। ठाणे कमिश्नर के रूप में उन्होंने कुछ एनकाउंटर स्पेशलिस्ट को साइड पर कर दिया था।