शिवसेना Vs शिवसेना का पहला शक्ति प्रदर्शन, हाई अलर्ट पर मुंबई पुलिस, 15 हजार जवान तैनात

मुंबई, पुलिस ने शिवसेना के दोनों खेमों की दशहरा रैली में भारी भीड़ एकत्र होने का अनुमान लगाते हुए शिवाजी पार्क और बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स (बीकेसी) में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। शिवसेना के गठन के 56 साल बाद बुधवार को मुंबई में दो दशहरा रैली होंगी। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के क्रमश: दादर और एमएमआरडीए मैदान में अलग-अलग रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है। जून में, राज्य में सरकार बदलने के बाद इसे दोनों खेमों के शक्ति प्रदर्शन करने के तौर पर देखा जा रहा है।
शिवाजी पार्क में दशहरा रैली कोविड-19 से जुड़ी पाबंदियों के कारण दो साल बाद आयोजित की जा रही है। दोनों खेमों ने अपनी-अपनी रैली के सफल होने का दावा किया है। वहीं, उनके नेताओं ने तैयारियों का जायजा लिया है। शिंदे खेमे की प्रवक्ता शीतल म्हात्रे ने कहा कि एमएमआरडीए मैदान में 3.5 लाख से चार लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। शिवसेना के शिंदे खेमे की यह पहली दशहरा रैली है, जबकि ठाकरे शिवाजी पार्क में शिवसैनिकों को संबोधित करेंगे, जो दशहरा रैली का पारंपरिक आयोजन स्थल है। दोनों खेमों ने अपनी-अपनी रैली के स्थल तक लोगों को लाने-ले जाने के लिए हजारों की संख्या में बसों की व्यवस्था की है।
रैली से पहले, कई सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गई हैं या वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग में बदलाव कर दिया गया है। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों रैली और बुधवार को देवी दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन समारोह के लिए 3,200 अधिकारी, 15,200 पुलिसकर्मी, राज्य रिजर्व पुलिस बल के 1,500 कर्मी, होमगार्ड के 1,000 जवान, 20 त्वरित कार्रवाई टीम तथा 15 बम रोधी दस्ते तैनात किए गए हैं। रैली स्थल पर सादे कपड़ों में भी अपराध शाखा के अधिकारियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जुहू, वर्सोवा, दादर और गिरगांव सहित प्रमुख समुद्री तटों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।