चर्च में नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म, पुलिस ने आश्रम के फादर को किया गिरफ्तार…

मुंबई : सीवुड्स स्थित चर्च में तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में एनआरआई सागरी पुलिस ने आश्रम के फादर (केयर टेकर) को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले सप्ताह ठाणे के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में ४५ बच्चों को छुड़ाया गया था, जिसमें १३ लड़कियों का समावेश था। इस कार्रवाई के बाद यह खुलासा हुआ है। फिलहाल अन्य लड़के-लड़कियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे और भी कई मामलों के सामने आने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार १४ वर्षीय पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर एनआरआई पुलिस ने फादर पर विनयभंग व पॉक्सो के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। ठाणे जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुवर्णा जाधव ने ५ अगस्त को सीवुड्स के एक चर्च में लड़कों और लड़कियों का शोषण शुरू होने की सूचना मिलने के बाद जांच की थी।

जांच के दौरान पाया गया था कि ३ से १८ वर्ष आयु वर्ग के ४५ बालक-बालिकाओं को एक ही स्थान पर दो अस्वच्छ कमरों में रखा गया है। स्वास्थ्य की दृष्टि से ठाणे जिला महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यहां के सभी बच्चों को उल्हासनगर के शासकीय बाल गृह में ट्रांसफर किया गया।