रानी बाग दर्शन : लोग घर बैठे ले सकेंगे ऑनलाइन टिकट

मुंबई, देश के जाने-माने प्राणी संग्रहालय वीर जीजामाता भोसले उद्यान एवं प्राणी संग्रहालय उर्फ रानी बाग में मनपा की ओर से तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पेंग्विन के बाद बाघ के जोड़ों ने रानीबाग की शोभा बढ़ा दी है। जानवरों और पक्षियों की संख्या भी यहां बढ़ रही है, जिससे पर्यटकों का तांता लगा रहता है। कभी-कभी इतनी भीड़ होती है कि लोगों को प्रवेश टिकट नहीं मिल पाता है और कई लोग बिना दर्शन के ही लौट जाते हैं लेकिन ऐसे लोगों के लिए मनपा ने अब विकल्प तलाशा है। यहां टिकट के लिए लाइन में परेशान होने से बेहतर लोग घर बैठे ऑनलाइन टिकट ले सकेंगे। ऑनलाइन टिकट की व्यवस्था से यहां टिकट काउंटर पर भी भीड़ कम होने की संभावना है।
भायखला स्थित वीरमाता जीजामाता भोसले उद्यान और प्राणी संग्रहालय देश के सबसे पुराने प्राणी संग्रहालय में से एक है। इस संग्रहालय में ३०१ जानवर और पक्षी हैं, जिनमें १३ प्रजातियों के ८४ स्तनधारी, १६ प्रजातियों के १९२ पक्षी, ०७ प्रजातियों के ३२ सर्प एवं रेंगनेवाले और जलचर प्राणी शामिल हैं। इसके अलावा कई दुर्लभ पेड़-पौधे हैं। संग्रहालय के नवीनीकरण के बाद यहां पेंग्विन, बाघ का जोड़ा भी लाया गया। ऐसे अन्य जानवरों को लाए जाने के बाद से पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है।
इस संग्रहालय में हर साल औसतन दस लाख पर्यटक आते थे लेकिन कोरोना काल के बाद एक बार फिर पर्यटकों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इस वर्ष गणेशोत्सव के दौरान रानीबाग में ८१ हजार पर्यटक आए। यहां प्रतिदिन औसतन २० से २५ हजार पर्यटक आते हैं। यहां पर्यटकों की संख्या क्षमता से अधिक होने पर टिकटों की बिक्री रोक दी जाती है। नतीजतन कई पर्यटकों को टिकट न मिलने के कारण रानी बाग में प्रवेश करने की अनुमति नहीं मिल पाती है।