महाराष्ट्र में जनता आज नहीं तो कल भाजपा को करेगी बेदखल! – शरद पवार
मुंबई : सत्ता केंद्रित करने का प्रयत्न ताकत हो सकती है परंतु जनता बोलती नहीं है, देखती है, निरीक्षण करती है। आज देश के कई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने का प्रयत्न किया जा रहा है इसलिए आज नहीं तो कल, जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल करेगी। ऐसा दावा राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने कल राकांपा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए किया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान में कल संपन्न हुई। इस बैठक में शरद पवार ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र पर हमला करने का काम वर्तमान में भाजपा कर रही है, मध्य प्रदेश के बाद अब महाराष्ट्र में क्या हुआ, यह आप सब को मालूम है। लोकतांत्रिक तरीके से चुनकर आए लोगों को बगल में करके सत्ता अपने हाथ में कैसे रहेगी, ऐसा प्रयत्न किया जा रहा है, यह सत्ता का दोष है। सत्ता केंद्रित हुई तो एक के हाथ चली जाती है, सत्ता विकेंद्रित होनी चाहिए, जिससे वह अनेक लोगों के हाथ में जाती है। हालांकि मौजूदा समय में केंद्र सरकार को केंद्रित करने का प्रयास शुरू है। ईडी, सीबीआई जैसी बातें इससे पहले हमें कभी पता नहीं थीं। ईडी का कांग्रेस ने कभी उपयोग नहीं किया लेकिन आज सत्ता का उपयोग करके राजनीतिक दहशत पैद की जा रही है। लिहाजा आज यह सभी के लिए संघर्ष का दिन है, ऐसा भी शरद पवार ने कहा। शिवसैनिक एकजुट हो रहे हैं.
आज जो घटनाक्रम चल रहा हैं, उसमें शिवसैनिक कहीं नहीं हिला। जिसने सत्ता परिवर्तन का प्रयास किया, उसके विरोध में शिवसैनिक एकजुट हुए हैं। एक-दो को छोड़ दें तो एक भी चुनकर नहीं आएंगे, ऐसा शिवसैनिक बता रहे हैं। सत्ता परिवर्तन लोगों को पसंद नहीं आया है, शिवसैनिक नाराज हैं इसलिए एक अलग तस्वीर राज्य में आगामी दिनों में दिखाई देगी, ऐसा संकेत शरद पवार ने दिया। आम जनता के लिए आंदोलन करने, आगामी चुनाव कैसे लड़ना है इस संदर्भ में पार्टी निर्णय लेगी, ऐसा भी शरद पवार ने कहा। इस अवसर पर प्रतिपक्ष के नेता अजीत पवार, राकांपा नेता छगन भुजबल, प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील आदि राकांपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।