मुंबई में पुलों की साज-सज्जा और सौंदर्यीकरण का काम करने की तैयारी में मनपा….

मुंबई : मुंबई में मौजूदा पुलों की साज-सज्जा और सौंदर्यीकरण का काम मनपा बड़े पैमाने पर करने की तैयारी में है। शहर में छोटे-बड़े लगभग डेढ़ सौ पुल हैं, जो ‘नए अंदाज’ में नजर आएंगे। धीरे-धीरे सभी पुलों पर पेंटिंग और दुरुस्तीकरण कर मुंबई की सुंदरता को बढ़ाने का काम किया जाएगा।

यह काम अब साधारण तरीके से और कोई भी पेंटर मनमानी रूप से नहीं कर सकेगा। इसके लिए मनपा ने एक कमेटी बनाई है। उपायुक्त स्तर की ५ सदस्यीय कमेटी ही पुल के सौंदर्यीकरण के लिए पेंट का रंग, डिजाइन आदि का फैसला करेगी।

एक अधिकारी के अनुसार अब सोच-समझकर काम किया जाएगा। इसके लिए सीधे पेंटर को काम नहीं दिया जाएगा, बल्कि इसकी पूरी योजना और प्लानिंग होगी। प्रस्ताव और डिजाइन मंजूर होंगे, तब जाकर ठेकेदार को काम दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पहली बार शहर के मौजूदा पुलों की दीवारों पर चित्र, पेंटिंग, कलाकृतियां और दीवारों पर पेंटिंग के लिए विषयों को मंजूरी देने की लिए एक विशेषज्ञ सलाहकार पैनल की समिति तय करेगी। इससे कई फायदे होंगे, तब सादे पेंटिंग की बजाय हम संदेश परक पेंटिंग बना पाएंगे। मनपा जनजागृति के अपने उद्देश्यों को भी पूरा कर पाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार से लोगों को आहत न पहुंचे, ऐसा प्रयास होगा।

पैनल में पांच प्रमुख सदस्य शामिल होंगे, जिसमें पुल विभाग से एक मनपा उपायुक्त (डीएमसी) के रैंक का एक वरिष्ठ अधिकारी शामिल होगा। हेरिटेज सेल के इंजीनियरों और जेजे स्कूल ऑफ आर्ट्स के एक सदस्य के साथ इस समिति में शामिल करेंगे। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि समिति की बैठकों की आवृत्ति इसके गठन के बाद तय की जाएगी।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पिछले ५-६ वर्षों में हमने स्वतंत्र कलाकारों को शहर के विभिन्न स्थानों पर कलाकृति और पेंटिंग करते देखा है। इनमें से कई पेंटिंग पड़ोस के मिजाज और इतिहास को दर्शाती हैं। हम चाहते हैं कि पुलों को भी इसी तरह सजाया जाए। हैंकॉक और कर्नाक बंदर जैसे कई पुल हैं, जिनका इतिहास १०० साल से भी ज्यादा पुराना है। हमें उनकी विरासत को सावधानीपूर्वक पुनर्स्थापित करने की आवश्यकता है।