मुंबई : मनपा की जी-तोड़ मेहनत नवंबर २३ में मुंबईकरों को मिलेगी सौगात

मुंबई : भारी बरसात के मौसम में भी मनपा के हौसले बुलंद हैं। मनपा की महत्वाकांक्षी मुंबई कोस्टल रोड परियोजना का काम फुल स्पीड में चल रहा है। इस परियोजना को तय समय पर पूरा करने के लिए मनपा जी-तोड़ मेहनत कर रही है। अब तक मनपा के इंजीनियरों के सहयोग से इस परियोजना का ५८ प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है।

परियोजना में कुल १११ हेक्टेयर क्षेत्र समुद्र को पाटा जाना था। इसमें से १०७ हेक्टेयर यानी ९७ प्रतिशत भराव का काम पूरा हो चुका है। समुद्र किनारे दीवार बनाने का काम ७० प्रतिशत पूरा हो चुका है। दूसरी सुरंग का काम भी ५० प्रतिशत से ज्यादा हो चुका है। मनपा की इस परियोजना पर काम फुल स्पीड में चल रहा है।

इस परियोजना के तहत वर्ली और हाजीअली के बीच समुद्र किनारे बननेवाले रिंग रोड और पुलों के लिए सिंगल कॉलम पिलर्स अर्थात मोनो पाईलिंग का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर हो रहा है। यहां कुल १७५ सिंगल कॉलम पिलर्स बनाया जाना है। इनमें से अब तक कुल ७० मोनो पाईलिंग अर्थात ४० फीसदी काम पूरा हुआ है।

मनपा के इंजीनियरों के अनुसार इस परियोजना में दोनों २.०७० किमी लंबी सुरंग में से एक सुरंग का काम पूरा हो चुका है, जबकि दूसरी सुरंग का काम लगभग ५० प्रतिशत पूरा हो चुका है। प्रियदर्शिनी पार्क से नेताजी सुभाष मार्ग (मरीन ड्राइव) तक पहले सुरंग का काम पूरा हो चुका है, जबकि दूसरी तरफ की सुरंग का काम तेजी से किया जा रहा है।

मनपा ने इस परियोजना में काम को नवंबर २०२३ तक पूरा करने के लक्ष्य रखा है और उसी तर्ज पर काम भी कर रही है। इस परियोजना के ज्यादातर टेक्निकल कार्य को पूरा कर लिया गया है। बाकी के कार्यों पर मनपा ने पूरा जोर दिया है। मनपा अधिकारियों के अनुसार हमारा लक्ष्य है कि समय से पहले हम इस परियोजना का काम पूरा कर लें।