कल्याण : व्हेल मछली की उल्टी तस्करी के आरोप में 2 तस्कर गिरफ्तार

कल्याण : डोंबिवली की रामनगर पुलिस ने व्हेल मछली की उल्टी की तस्करी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के नाम नंदू राय और अर्जुन निर्मल हैं और पुलिस ने इनके पास से 1 करोड़ 60 लाख रुपए कीमत की 725 ग्राम उल्टी बरामद की है।
गौरतलब हो कि प्राकृतिक परफ्यूम बनाने में व्हेल की उल्टी का इस्तेमाल किया जाता है। ये परफ्यूम या सेंट काफी महंगे होते हैं। व्हेल की उल्टी को इकट्ठा करना और बेचना गैरकानूनी है।

जबकि इसकी बड़े पैमाने पर तस्करी की जाती है। डोंबिवली के बंदिश पैलेस परिसर में व्हेल की उल्टी की तस्करी की जाती हैं। कल्याण के पुलिस उपायुक्त सचिन गुंजाल को व्हेल मछली उल्टी की तस्करी की सूचना मिली। इस सूचना के आधार पर कल्याण पुलिस उपायुक्त और डोंबिवली रामनगर पुलिस की टीम में एपीआई गणेश जाधव, बलवंत भराडे, दिनेश सोनवणे, पुलिस कांस्टेबल विशाल वाघ, संजय पाटिल, पुलिस नायक ऋषिकेश भालेराव आदि ने जाल बिछाया और क्षेत्र में दो लोग संदिग्ध रूप से घूमते हुए दिखे रामनगर पुलिस की टीम द्वारा जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से 725 किलो वजनी व्हेल की उल्टी बरामद हुई।

पुलिस तलाश में जुटी
स्थानीय डोंबिवली रामनगर पुलिस स्टेशन में नंदू राय और अर्जुन निर्मल दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच के दौरान यह भी पता चला है कि उसका एक और साथी है। जिसके मास्टरमाइंड होने की आशंका है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उन्हें यह उल्टी किससे प्राप्त हुई और किसे बेचने वाले थे।