जुहू का बदलेगा चेहरा, मनपा खर्च करेगी ४ करोड़ रुपए

मुंबई, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में समुद्री तट का आनंद लेनेवाले पर्यटकों के लिए जुहू बीच काफी पसंदीदा है। मुंबई में सबसे लंबे और चर्चित जुहू बीच पर देश-विदेश से आए पर्यटक घंटों वक्त गुजारते हैं। यहां रात में नजारा मन को लुभानेवाला हो जाता है। मुंबई के जाने-माने जुहू बीच पर इन दिनों गंदगी, अतिक्रमण आदि के चलते इसकी सुंदरता में विघ्न पड़ रहा है। लेकिन अब मनपा इसका सौंदर्यीकरण कर इसे और आकर्षक बनाएगी। मनपा यहां साफ-सफाई के लिए मशीनरी बढ़ाएगी, इससे सटी दीवारों को पेंटिंग कर नया लुक दिया जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण यहां अब लेजर लाइट लगाई जाएगी, जिससे जुहू बीच की रात विभिन्न रंगों की रोशनी से रंगीन हो जाएगी और जुहू बीच का नजारा बदल जाएगा।
मनपा के एक अधिकारी के अनुसार जुहू बीच की सुंदरता को लेकर मनपा गंभीर है। इसे स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ आकर्षक बनाया जाएगा। यहां साफ-सफाई के लिए व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। इससे सटी दीवारों, खंभों और पत्थरों पर पेंटिंग की जाएगी, जो कि पर्यावरणपूरक होगी। यह काम जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसके अलावा सबसे महत्वपूर्ण है कि यहां लेजर लाइट शो शुरू किया जाएगा। रोजाना रात में ७ से १० तक लार्जर लाइट शो चलेगा। हर १५ मिनट के अंतराल पर शो एक्टिव रहेगा, यहां वृक्षारोपण भी किया जाएगा। बड़े पैमाने पर वृक्ष और पौधे लगाए जाएंगे। आठ अलग-अलग प्रवेश और निकास गेट का विकास, कलाकृतियां और होलोग्राम भी बनाए जाएंगे।
मनपा की यह महत्वाकांक्षी मुंबई सौंदर्यीकरण योजना के तहत ही जुहू बीच के चेहरे को बदलने और आकर्षक बनाने की योजना पर काम किया जा सकेगा। मनपा जुहू बीच के सौंदर्यीकरण के लिए कुल ४ करोड़ रुपए खर्च करेगी। और पूरे जुहू समुद्र तट और इसके आस-पास के क्षेत्र को सुशोभित करने की योजना पूरी होगी। ठेका देने के तीन महीने के भीतर यह काम पूरा कर लिया जाएगा, ऐसा अधिकारी का दावा है।
बता दें कि पश्चिमी उपनगर में स्थित जुहू समुद्र तट कुल ५ किमी लंबा है, जहां हर दिन हजारों आगंतुक आते हैं। त्योहारों के समय तो लाखों की संख्या में लोग यहां जमा होते हैं। मनपा का प्राथमिक उद्देश्य है कि जुहू बीच के आकर्षण को बढ़ाना है क्योंकि पर्यटकों के लिए यहां मुंबई शहर में प्रमुख आकर्षक स्थलों में से जुहू बीच एक है।