मासूम बच्चे दे रहे हैं लूट की वारदात को अंजाम,रेलवे जीआरपी कर रही तलाश’

मुंबई, लोकल ट्रेन में यात्रा करनेवाली महिलाएं सावधान हो जाएं। इन दिनों स्टेशन परिसर के आस-पास में बच्चे लूट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। दरअसल ये बच्चे मूसलाधार बारिश का सहारा लेकर महिलाओं के पर्स लूटकर भाग जाते हैं। महिला के अनुसार बच्चे रेनकोट पहने रहते हैं, जिससे उनका चेहरा दिखाई नहीं देता है। ऐसी दो घटनाएं खार रोड स्टेशन और परेल स्टेशन में घटित हुई हैं। जीआरपी पुलिस शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
मुंबई में बारिश की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में लोकल ट्रेन में यात्रा करनेवाली महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मूसलाधार बारिश में कपड़े सहित पर्स और छतरी को संभालने के दौरान महिलाएं लूट का शिकार हो रही हैं। दरअसल मालाड निवासी मीना सोलंकी (३६) शनिवार को करीबी दोस्त की बेटी से मिलने खार रोड गई थी। घर वापसी में रात साढ़े १० बजे खार रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नं. चार पर खड़ी थी, तभी एक गुलाबी रंग का रेनकोट पहने लड़के ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और पर्स लूट कर भाग गया, उसमें मोबाइल सहित करीब ४५ हजार रुपए के सामान थे। इसके दस मिनट बाद आरती ढाल नामक महिला ऐसी घटना की शिकार हो गई। भांडुप निवासी महिला प्रभादेवी में काम करती हैं। महिला प्रभादेवी से परेल स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर एक से ठाणे जाने के लिए ट्रेन में चढ़ रही थी। उस दौरान एक लड़का पीछे से आया और धक्का दिया तथा पर्स लूट कर फरार हो गया। इस घटना में दोनों महिलाएं जख्मी हो गईं। महिला ने पुलिस को बताया कि लड़का रेनकोट पहने हुए था, जिसकी उम्र करीब १५ वर्ष होगी। इसके बाद दादर और बांद्रा जीआरपी ने लड़के के खिलाफ लूट की शिकायत दर्ज की है।
पुलिस ने बताया कि धारा ३९२ के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश कर रही हैं। दोनों वारदात अलग-अलग रेलवे स्टेशन पर हुई है। पुलिस ने आशंका जताई है कि एक ही लड़के ने खार और प्रभादेवी स्टेशन पर वारदात को अंजाम दिया है।