मेट्रो-३ परियोजना प्रभावितों के साथ अन्याय!

मुंबई, मुंबई शहर में मेट्रो-३ परियोजना प्रभावितों के साथ अन्याय किया जा रहा है। ‘ईडी’ सरकार के इस अन्याय के खिलाफ अब प्रभावितों का गुस्सा फूटने लगा है, साथ ही उनका विरोध भी तेज हो गया है। इसके तहत ‘ईडी’ सरकार के दो मुंहे रवैए का निषेध करने के लिए कल स्थानीय लोगों ने गिरगांव बंद का एलान किया है। इतना ही नहीं, आक्रोश मोर्चा निकालकर मेट्रो-३ परियोजना के काम को बंद का भी एलान किया गया है।
उल्लेखनीय है कि मेट्रो-३ परियोजना में कुल ७७७ परिवारों का पुनर्वसन किया जाएगा। परियोजना शुरू होने के बाद मेट्रो ने इमारतों पर कब्जा करते हुए इनका मालिकाना अधिकार भी ले लिया। इस बीच इसमें विभिन्न तकनीकी कारणों के चलते सौ से अधिक निवासियों को अपात्र घोषित कर दिया गया। साल १९९५ के बाद घर खरीदी, नए किराए के रसीद, परिवार प्रमुख का निधन होने के बाद घर का पंजीकरण न होना, कुछ इमारतों के मनपा के अस्तित्व में आने से पहले का होना जैसे कई तकनीकी मुद्दे म्हाडा और मेट्रो ने उपस्थित किए थे। कालबादेवी-गिरगांव रहिवासी कृति समिति के नेतृत्व में मेट्रो-३ परियोजना प्रभावितों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आज सुबह दस बजे से प्रिंसेस स्ट्रीट सिग्नल से गिरगांव तक आक्रोश मोर्चा निकाला जाएगा। इसके साथ ही मेट्रो काम बंद आंदोलन भी किया जाएगा। इस मोर्चे में बड़ी तादाद में नागरिकों के शामिल होने की अपील समिति ने की है।