बेस्ट कंडक्टरों में भारी नाराजगी, मंगलवार को धरना-प्रदर्शन

मुंबई, महानगर को जन यातायात सेवा उपलब्ध करानेवाली बेस्ट (बीईएसटी) के बस कंडक्टरों ने बेस्ट प्रशासन के खिलाफ मंगलवार को हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। दरअसल प्रशासन ने कंडक्टर को दी गई टिकट मशीन के लिए लगनेवाले एक्सेसरीज व अन्य सामग्री के लिए भुगतान कंडक्टरों से ही वसूलने के आदेश जारी किए हैं, जिसे लेकर कंडक्टरों में भारी नाराजगी है। प्रशासन के इस रवैये के खिलाफ बेस्ट के सभी कंडक्टरों में रोष व्याप्त है। समस्या के निवारण के लिए प्रशासन को कई बार बेस्ट कर्मचारी संगठन की ओर से कहा गया लेकिन प्रशासन ने कोई जवाब नहीं दिया है। इसीलिए नाराज कंडक्टर बेस्ट प्रशासन के खिलाफ हड़ताल करेंगे। बेस्ट कंडक्टरों को दी गईटिकट मशीन में चार्जिंग मशीन, चार्जिंग वायर, डेटा ट्रांसफर वायर, ऐसी कुल ७ से ८ सामग्री हैं, जो अब तक बेस्ट दे रही थी लेकिन अब प्रशासन ने कंडक्टरों को इसका खर्च वहन करने का निर्देश दिया है। जिसके खिलाफ सभी कंडक्टर आगामी मंगलवार को धरना-प्रदर्शन देंगे। इस बारे में बेस्ट कर्मचारी संगठन ने परिपत्र जारी कर सूचित किया है। बेस्ट कंडक्टरों के अनुसार पहले से हमारे वेतन कम हैं, अब हम लोगों से यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ सहन नहीं होगा। उधर बेस्ट ड्राइवरों ने भी उन्हें समर्थन देने का विचार बनाया है। यदि ऐसा होता है तो कंडक्टरों के हड़ताल से मंगलवार को मुंबई में बेस्ट बसें लगभग बंद रहेंगी।