ठाणे, नई मुंबई में भारी बारिश…रेल यातायात भी हुआ प्रभावित

मुंबई : मुंबई में कल दिन में ही अंधेरा छा गया। ऐसा लगता था कि जैसे रात हो गई है। फिर अचानक बादल गरजने लगे और तेज बारिश शुरू हो गई। यह बारिश घंटों तक जारी रही। कुछ दिनों की राहत के बाद मुंबई, ठाणे, पालघर, नई मुंबई में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है।

महानगर में बुधवार सुबह से भारी बारिश हो रही है। इस वजह से निचले इलाकों में कई जगहों पर जलजमाव हुआ। रेल यातायात भी भारी बारिश की वजह से प्रभावित हुआ है।

बता दें कि मुंबई में तेज बारिश सुबह करीब १० बजे शुरू हुई, वहीं मौसम विभाग ने अगले २४ घंटों के दौरान मुंबई शहर और उपनगरों में मध्यम बारिश के साथ बादल छाए रहने की संभावना जताई है। यानी मुंबई में अभी और बारिश होनेवाली है।

आईएमडी सांताक्रुज मौसम विभाग ने बुधवार सुबह ११.३० बजे तक २५.८ मिमी और आईएमडी कुलाबा मौसम विभाग ने १७.८ मिमी बारिश दर्ज की। लगातार हो रही बारिश से शहर के कुछ हिस्सों में जाम की स्थिति बन गई है। मनपा अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को दोपहर २ बजकर ५७ मिनट पर अरब सागर में ४.३९ मीटर तक की ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

मुंबई में बुधवार को हुई भारी बारिश से जलभराव के कारण यातायात बाधित हो गया। सेंट्रल लाइन की ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुर्इं। साथ ही मुंबई पहुंचनेवाली लंबी दूरी की ट्रेनें भी प्रभावित हुर्इं। नई मुंबई में सानपाड़ा रेलवे ब्रिज बाईपास भारी बारिश के कारण जलमग्न हो गया था।

जलजमाव के कारण अंधेरी सबवे वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया था और गोखले ब्रिज जंक्शन के रास्ते एसवी रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था। बारिश ने महालक्ष्मी जंक्शन, ताड़देव और हिंदमाता जंक्शन आदि क्षेत्रों में ट्रैफिक की स्पीड को कम कर दिया था।