मेट्रो पर ग्रैफिटी बनाने में इटली के चार नागरिक पुलिस हिरासत में

मुंबई, महाराष्ट्र में मुंबई पुलिस ने गुजरात पुलिस से चार इटली के नागरिकों को हिरासत में लिया है। इटली के इन नागरिकों पर आपराधिक घुसपैठ करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। इन लोगों ने चारकोप मेट्रो यार्ड में अवैध तरीके से घुसकर अहमदाबाद मेट्रो पर ग्रैफिटी बनाई। अवैध तरीके से पेंटिंग करके मेट्रो को गंदा किया गया। चारों आरोपितों की पहचान कुडीनी गियानलूका (24), बाल्डो साचा इटैलियाना (29), स्टारीनेरी डेनियल (21) और केपीची पालो (27) के रूप में हुई है।
मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने इटली के इन चार नागरिकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की है। यह लोग दर्जनों तरह के कैमरे, मेमोरी कार्ड, कालर स्प्रे के साथ गिरफ्तार किए गए। यह लोग 24 सितंबर को मुंबई आए और 27 सितंबर को गुजरात चले गए। यह चारों 11 या 14 अक्टूबर को वापस इटली जाने वाले थे। मुंबई पुलिस ने गुजरात में रुककर इनकी न्यायिक हिरासत के लिए इंतजार किया। पूछताछ के दौरान इनसे अहम खुलासे की उम्मीद है। इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी होने की संभावना है।
पुलिस इन चारों को लेकर मुंबई आई और उन्हें सीधे बोरीवली मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में भी उन लोगों को मेट्रो पर पेंटिंग करते देखा जा सकता है, लेकिन वह लोग जांच में सहयोग नहीं कर रहे और वह मानने को तैयार नहीं कि फुटेज में वही लोग हैं। इटली के यह चारों नागरिकों में से दो डिलेवरी ब्वाय हैं और दो टैटू आर्टिस्ट हैं। इन आरोपितों को संदिग्ध मानकर रा और एटीएस के अधिकारी भी उनसे पूछताछ करने आ रहे हैं। पूछताछ के दौरान अहम खुलासे की संभावना है।