पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को जेजे अस्पताल में भर्ती….

मुंबई : जेल में सीने में दर्द और चक्कर आने की वजह से जमीन पर गिरे राज्य के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उनकी आवश्यक जांच और इलाज कर कल शाम को ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। यह जानकारी अस्पताल की डीन डॉ. पल्लवी सापले ने दी। ईडी की गिरफ्तारी के बाद से ही राज्य के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख आर्थर रोड जेल में बंद हैं।

हालांकि इस बीच अप्रैल महीने में अनिल देशमुख को कंधे की सर्जरी के लिए जेजे अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में सर्जरी के बाद ठीक होने पर उन्हें फिर से ऑर्थर रोड जेल में भेज दिया गया था। करीब पांच महीने के बाद कल जेल में करीब ११ बजे चक्कर आने के बाद अनिल देशमुख जमीन पर गिर गए थे। उसके बाद जेल अधिकारी बिना देर किए उन्हें डॉक्टर के पास ले गए।

डॉक्टरों ने जांच में पाया कि उनका बीपी हाई है। ऐसे में उन्हें बिना देर किए जेजे अस्पताल में लाया गया। डीन डॉ. पल्लवी सापले ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे उन्हें अस्पताल में लाया गया। सभी तरह की आवश्यक जांच और इलाज करने के बाद शाम को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।