बांद्रा वर्ली सी लिंक सड़क हादसा, मुंबई पुलिस ने आरोपी ड्राइवर इरफान को किया गिरफ्तार…

मुंबई : दशहरा की सुबह यानी 5 अक्तूबर को बांद्रा वर्ली सी लिंक पर चार कार और एंबुलेंस की एक साथ भीषण टक्कर हो गई जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

वहीं 12 लोग मामूली रूप से घायल हो गए। फिलहाल सभी घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार इस मामले में एक एसयूवी चालक को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है।

मुंबई पुलिस ने गुरुवार को एसयूवी के चालक को गिरफ्तार कर लिया है जिसने 5 अक्तूबर को बांद्रा वर्ली सी लिंक पर तीन अन्य कारों और एक एम्बुलेंस को टक्कर मार दी थी।

इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और कम से कम आठ घायल हो गए। आरोपी की पहचान इरफान अब्दुल रहीम बेलकिया के रूप में हुई है। उसके खिलाफ धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक बांद्रा वर्ली सी लिंक पर एक गाड़ी पहले से दुर्घटनाग्रस्त हुई थी जिसके घायलों को लेने के लिए एंबुलेंस को बुलाया गया था। साथ ही कुछ वाहन भी सड़क किनारे खड़े हुए थे। इसके बाद वहां एक तेज गति से आ रही SUV ने एंबुलेंस और वहां खड़े वाहनों को टक्कर मार दी जिससे पांच लोगों की मौत हो गई।

इसके बाद वहां अफरा तफरी का माहौल हो गया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। जिसके बाद वहां राहत बचाव की टीम पहुंची। फिर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर हुए हादसे पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है। पीएम मोदी ने कहा कि लोगों की मौत से आहत हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। मैं आशा करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे शीघ्र स्वस्थ हों।