पवन सिंह के प्यार में दीवानी थीं अक्षरा सिंह, ब्रेकअप के बाद अभिनेत्री ने लगाए थे गंभीर आरोप

भोजपुरी सिनेमा का जब भी जिक्र होता है तो इस इंडस्ट्री की धाकड़ अभिनेत्री अक्षरा सिंह का नाम हर किसी जुबां पर खुद ही आ जाता है। आज के समय में अक्षरा भोजपुरी सिनेमा की टॉप अभिनेत्रियों में से एक हैं और इस मुकाम पर पहुंचने के लिए अभिनेत्री ने कड़ी मेहनत की है। आज अक्षरा सिंह 29 साल की हो गई हैं। 30 अगस्त 1993 को बिहार के पटना जन्मी अक्षरा सिंह ने भोजपुरी सिनेमा को कई हिट फिल्में दी हैं। उनके गाने भी फैंस को दीवाना बना देते हैं। लेकिन अक्षरा सबसे ज्यादा अपनी लव लाइफ की वजह से चर्चा में रही हैं। अक्षरा और पवन सिंह का प्यार किसी छुपा नहीं है। आइए आज आपको इनकी लव स्टोरी बताते हैं।

अक्षरा सिंह ने भोजपुरी सिनेमा में साल 2010 में फिल्म ‘सत्यमेव जयते’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। लेकिन पवन सिंह के साथ उनकी नजदीकियां साल 2015 में बढ़ने लगीं। दोनों जब भी साथ नजर आते थे तो धमाल मचा देते थे। ऐसे में फैंस के बीच भी दोनों को साथ देखने की डिमांड बढ़ने लगी और फिर दोनों भोजपुरी सिनेमा की हिट जोड़ी साबित हुए। अक्षरा और पवन सिंह के गाने ‘भर जाता ढोड़ी में पसीना’, ‘तनी फेरे दी करवटिया’, ‘हमऊ जवान बानी तुहु जवान’, और ‘पातर छीतर छोटकी जहजिया’ आज भी लोगों की जुबान पर छाए हुए हैं।

अक्षरा सिंह और पवन सिंह लगभग तीन साल तक एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में रहे थे। इस दौरान अक्षरा पवन पर प्यार लुटाने का एक भी मौका नहीं छोड़ती थीं और अभिनेता के साथ हर मुश्किल समय में खड़ी रहती थीं। इतना ही नहीं, अक्षरा सिंह पवन सिंह से शादी करना चाहती थीं। लेकिन पवन सिंह ने रातों-रात ज्योति सिंह से शादी करके हर किसी को हैरान कर दिया। इसके बाद से ही दोनों हमेशा के लिए अलग हो गए।

पवन सिंह से सारे रिश्ते खत्म करने के बाद अक्षरा सिंह ने एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था, ‘शादी के बाद मैं किसी की लाइफ में दखलंदाजी नहीं करना चाहती थी। ना ही मैं किसी की रखैल बनकर रहना चाहती थी। किसी और महिला की जिन्दगी भी बर्बाद नहीं करना चाहती थी।’ हालांकि, अक्षरा सिंह ने पवन सिंह पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए केस भी दर्ज करवाया था। अक्षरा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब से उन्होंने पवन सिंह के खिलाफ इंटरव्यू दिया है, तब से ही वह उन्हें धमकियां दिलवा रहे हैं। वह मुझे फोन कर रहे हैं और गालियां दिलवा रहे हैं। सोशल मीडिया पर दूसरे नाम के अकाउंट से बदनाम करने की को कोशिश कर रहे हैं। लेकिन वह सोचते हैं कि मैं इन सबसे डरकर भाग जाऊंगी या सुसाइड कर लूंगी तो ऐसा कुछ नहीं है।