सपा के संरक्षक मुलायम सिंह के निधन पर बिलख पड़े अबू आजमी…

आजमगढ़ के पूर्व सांसद और सपा के संरक्षक रहे मुलायम सिंह यादव के निधन पर सपा के वरिष्ठ नेता अबू आजमी बिलख पड़े। महाराष्ट्र सपा के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी देर रात ही मुंबई से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। आज सैफई अपने नेता के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंच रहे हैं।

मुंबई से निकलने से पहले वीडियो जारी कर अपना दु:ख व्यक्त कर रहे अबू आजमी अपने को संभाल नहीं पाए। नेताजी के साथ बिताई पुरानी यादों को ताजा करते हुए बिलख पड़े। अबू आजमी ने कहा कि आज नेताजी के निधन का समाचार मिलते ही मेरे और पूरे परिवार की आंखों में आंसू आ गए हैं।

आजमगढ़ के रहने वाले सपा नेता अबू आजमी ने कहा, “साल 1993 में हुए मुंबई बम धमाकों में मुझे आरोपी बनाया गया था। उस समय मैं जमानत पर छूट कर सुप्रीम कोर्ट से आया था। उस समय मेरे रिश्तेदार और करीबी भी हमसे दूर भागते थे। नेताजी हमारे साथ साए की तरह खड़े रहे और सहारा दिया।

नेताजी को भी सभी ने मना किया कि आप मत जाइए वह आरोपी है। पर नेताजी आए और मिले। बाद में तरह-तरह की बातें अखबारों में भी छपी।” अबू आजमी ने कहा, “नेताजी के लिए मोहब्बत दिल में है। लखनऊ जाने पर खाना और मिठाई खिलाते थे। नेताजी समाज के सबसे आखिरी व्यक्ति की मदद करते थे।

आज के जमाने में ऐसा कोई नेता नहीं। नेताजी के वसूलों को लेकर सपा का झंडा फहराया। जुर्म के खिलाफ लड़ाई लड़ने की ताकत हमें नेताजी से मिली। उनके वसूलों और एहसानों को कभी नहीं भूलूंगा। आज जब नेताजी इस दुनिया में नहीं हैं, तो उनके साथ बिताए पलों को याद करते ही आंखे भर जा रही हैं।”