४ महिलाएं और १ बच्चा घायल, जुईनगर और नेरुल रेलवे स्टेशनों के बीच महिला डिब्बे पर फेंकी कांच की बोतल

नई मुंबई, हार्बर रेलवे मार्ग पर जुईनगर और नेरुल रेलवे स्टेशनों के बीच महिला डिब्बे में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा कांच की बोतल फेंके जाने का मामला सामने आया है। इसमें एक बच्चे सहित चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। इस मामले में वाशी जीआरपी ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार मुंबई सेंट्रल में रहनेवाली पीड़ित महिला सोनल सावंत हार्बर रेलवे मार्ग से पनवेल जा रही थीं। उसने सुबह ९.५२ बजे हार्बर रेलवे लाइन पर सीएसएमटी स्टेशन से पनवेल लोकल पकड़ी थी। सुबह करीब ग्यारह बजे जब जुईनगर और नेरुल रेलवे स्टेशन के बीच पहुंचे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला डिब्बे पर कांच की बोतल फेंक दी। उससे सोनल सावंत एवं तीन अन्य महिलाएं और एक बच्चा घायल हो गए। इस घटना के बाद सोनल सावंत ने जीआरपी हेल्पलाइन से संपर्क करके घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने वाशी रेलवे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। महिला के बयान पर वाशी जीआरपी ने लोकल पर कांच की बोतल फेंकने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।