शिवसेना के दोनों गुटों में झड़प, ठाकरे गुट के 5 कार्यकर्ताओं को मिली जमानत…

मुंबई : महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे बनाम उद्धव ठाकरे की लड़ाई दिनबदिन बढ़ती दिख रही है। अब मुंबई के दादर में गणेश विसर्जन के दौरान दोनों गुटों के बीच झड़प होने की खबर सामने आई है। दोनों गुटों ने एक दूसरे पर शुक्रवार की रात मुंबई के प्रभादेवी इलाके में हाथापाई शुरू करने का आरोप लगाया। वहीं, ठाकरे गुट ने आरोप लगाया गया कि शिंदे गुट के विधायक ने फायरिंग भी की।

पुलिस के सूत्रों से पता चला है कि शिंदे गुट के विधायक सदा सरवनकर ने फायरिंग की थी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस स्टेशन के कंपाउंड में भी एक राउंड फायरिंग हुई। इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। दोनों गुटों के समर्थकों के बीच हुई मारपीट में पुलिस ने कुल 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

उल्लेखनीय है कि, शुक्रवार को हुई झड़प के सिलसिले में पुलिस ने उद्धव ठाकरे गुट के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। मुंबई पुलिस ने कहा कि, IPC की धारा 395 सहित विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किए गए शिवसेना के 5 लोगों को रहत दी गई है। पुलिस ने प्राथमिकी से धारा-395 हटाकर उन्हें राहत दी है, अन्य सभी धाराएं जमानती हैं।

एकनाथ शिंदे के खेमे के एक नेता संतोष तेलवने ने दावा किया कि, गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान ठाकरे गुट के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया और उन्हें धमकाया। वहीं, ठाकरे गुट ने दावा किया कि, शिंदे खेमे के एक नेता ने उनके नेता महेश सावंत पर गोली चलाई थी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।